टिहरी, अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी के भद्रकाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गंगोत्री-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने का मामला सामने आया है। हादसा उस समय हुआ जब कार चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर की ग्रे रंग की मारुति सुजुकी बलेनो अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे छत के बल पलट गई। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

कार में दिल्ली के अंबेडकर नगर एवं छतरपुर क्षेत्र के निवासी अनुज (पुत्र शिवलाल), साकेत, संदीप, राजेश, मदन, अश्विन राणा और बलवीर सिंह राणा सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित