सहारनपुर , अप्रैल 9 -- सहारनपुर जिले में ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वहीं आम के बौर और कच्चे फल भी प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की बात कही है। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं की तैयार फसल गिर गई। तीतरो, नानोता और गंगोह क्षेत्रों में कई स्थानों पर इतनी तेज ओलावृष्टि हुई कि खेतों में बर्फ जैसी सफेद परत जम गई। अम्बेहटा क्षेत्र के किसानों जयपाल सिंह, नरेंद्र चौधरी, अपला सिंह, काला सिंह, बृजेंद्र सिंह और कुंवरपाल सिंह ने बताया कि फसल खेतों में बिछ जाने से भारी नुकसान हुआ है। तीतरो क्षेत्र में करीब 30 से 40 मिनट तक लगातार ओलावृष्टि हुई।

इसका असर आम की फसल पर भी पड़ा है। कच्चे आम बड़ी संख्या में टूटकर गिर गए, जिससे बागवानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। कई किसानों ने सरसों की फसल को भी नुकसान होने की बात कही है। जिले में इस वर्ष गेहूं की फसल लगभग 1.13 लाख हेक्टेयर और सरसों करीब 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोई गई है। मौसम में अचानक बदलाव के कारण तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उप कृषि निदेशक डॉ. संदीप पाल ने बताया कि 100 से अधिक किसानों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जबकि 74 किसानों ने बीमा कंपनी के पास नुकसान की सूचना दर्ज कराई है। राजस्व और कृषि विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित