बारां , अप्रैल 05 -- राजस्थान में बारां-अटरू जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद विधायक राधेश्याम बैरवा ने प्रभावित क्षेत्रों के गांवों का दौरा किया।
श्री बैरवा रविवार को ग्राम पंचायत मुंडला बिसोति के गांव रहलाई रामनिवास एवं लुहारिया पहुंचे जहां उन्होंने तहसीलदार एवं पटवारियों के साथ खेतों में जाकर फसल खराबी का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से सीधे संवाद करके उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान का वास्तविक आंकलन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को प्रभावित किसानों की फसल की गिरदावरी शीघ्र पूर्ण करके निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि उन्हें समय पर उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और आजीविका की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने विधायक के इस संवेदनशील कदम की सराहना करते हुए शीघ्र राहत की उम्मीद जताई। दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित