बैतूल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।

श्री डागा ने कहा कि मुलताई सहित जिले के कई क्षेत्रों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। अनेक गांवों में फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, जबकि कई स्थानों पर खेतों में गिरकर खराब हो गई है।

उन्होंने प्रशासन से प्रभावित गांवों का शीघ्र सर्वे कर 10 दिन के भीतर राहत राशि वितरित करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि अचानक बदले मौसम के कारण किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है, ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू करना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित दावों का शीघ्र निराकरण करने की मांग करते हुए कहा कि सभी क्लेम 15 दिनों के भीतर निपटाए जाएं तथा जिन किसानों की 50 प्रतिशत से अधिक फसल नष्ट हुई है, उन्हें विशेष राहत पैकेज दिया जाए। श्री डागा ने चेतावनी दी कि यदि समय पर किसानों को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित