कानपुर , मार्च 28 -- कानपुर में एक हिंदी दैनिक द्वारा आयोजित ओलंपियाड-2025 के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान समारोह शनिवार को रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ।

इस ओलंपियाड में शहर सहित आसपास के 16 जनपदों के लगभग छह लाख छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 51 हजार विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने विजेता विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता जीवन को सही दिशा में संचालित करने की प्रेरणा देती है और विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम तथा नैतिक मूल्यों को अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अर्चना सिंह सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित