भोपाल , मई 06 -- मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देने हेतु "शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026" शुरू की गई है। इस योजना के तहत युवाओं को 45 दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भोपाल में जारी जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बताया कि योजना के माध्यम से प्रदेश के 4000 ओबीसी युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती की तैयारी कराई जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई शाम 6 बजे निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन और निःशुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं या चयनित जिलों में स्थित सहायक संचालक कार्यालयों से फॉर्म प्राप्त कर निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।
योजना के तहत पात्रता के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी और ओबीसी (नॉन-क्रीमीलेयर) वर्ग से होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। शारीरिक मानकों के अनुसार पुरुषों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और महिलाओं की 155 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पुरुष अभ्यर्थियों को 1000 रुपये और महिला अभ्यर्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। कुल सीटों में से 35 प्रतिशत सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन सैद्धांतिक अध्ययन के साथ शारीरिक अभ्यास भी कराया जाएगा। यह प्रशिक्षण प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थापित केंद्रों पर संचालित होगा, जहां पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित