बीड , अक्टूबर 23 -- महाराष्ट्र में ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल तथा राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए सत्ताधारी महायुति गठबंधन के रवैये पर सवाल उठाये और उन पर अहम प्रशासनिक एवं सामाजिक मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
श्री हाके ने आंदोलन के दौरान सत्ताधारी खेमे के बर्ताव पर सवाल उठाते हुए पूछा, "श्री एकनाथ शिंदे के मंत्री और विधायक भी जरांगे के पैर क्यों दबा रहे थे?" उन्होंने जरांगे के अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि इस मुद्दे की बुनियादी कमियों को छिपाने की कोशिशों से सच नहीं छिप सकता। प्रशासनिक लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 'अभि' समुदाय के लिए काम करने वाले आवासीय स्कूलों को मिलने वाला सरकारी अनुदान और भुगतान समय पर जारी नहीं किये जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि जिन ठेकेदारों और लोगों ने दो-तीन साल पहले जल संरक्षण और अन्य विकास कार्य पूरे किये थे, उन्हें अभी भी अपने बकाया भुगतान का इंतजार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक उठापटक में उलझी हुई है और इन मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।उन्होंने पालघर में आदिवासी और बहुजन समुदायों के प्रतिनिधित्व पर चिंता जताते हुए दावा किया कि आम जन-प्रतिनिधियों को दरकिनार किया जा रहा है, जबकि जिनके पास काफी पैसा है, उन्हें सत्तारुढ़ खेमे का समर्थन मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित