नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित पदों पर लंबे समय से नियुक्तियां नहीं होने का मुद्दा उठाया और इन पदों पर तत्काल नियुक्ति करने की मांग की है।
श्री गांधी ने इंदौर में अपने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तीन दिन बाद मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बुधवार को कहा कि कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाये। उन्होंने कहा कि ओबीसी आरक्षण के तहत लंबित नियुक्तियों का मुद्दा भी छात्रों ने उनके साथ बातचीत में प्रमुखता से उठाया और बताया कि राज्य सरकार के 87 अनुपात 13 के फार्मूले के तहत ओबीसी के 13 प्रतिशत पद लंबे समय से रोके गये हैं।
उन्होंने कहा कि इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी 2022 से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। श्री गांधी ने कहा कि सभी दलों ने सर्वसम्मति से 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का समर्थन किया था, इसके बावजूद लंबित नियुक्तियों का समाधान नहीं हुआ है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नियुक्तियों में देरी से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और वे आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित