रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) की नई ओपन टेंडर प्रक्रिया के विरोध में वाहन मालिक कल्याण संघ ने तीन नवंबर को विद्युत मेंटेनेंस एवं टीएमसी/एफओसी सेवाएं बंद रखने और सात नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

इस बीच कंपनी प्रबंधन ने शनिवार को संघ की मांगों और समस्याओं पर चर्चा के लिए दो नवंबर को बैठक बुलाई है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, संघ के अधिकृत प्रतिनिधिमंडल को दो नवंबर को अपराह्न तीन बजे रायपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में संगठन की ओर से उठाए गए मुद्दों पर विचार-विमर्श कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

सीएसपीडीसीएल ने बताया कि प्रदेश में विद्युत रखरखाव, बिजली आपूर्ति में व्यवधान संबंधी शिकायतों के निराकरण और उपभोक्ता सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई ओपन टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, कार्यों का बेहतर प्रबंधन करने और विद्युत संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की योजना है।

कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि नई निविदा प्रक्रिया का उद्देश्य स्थानीय वाहन मालिकों, छोटे ठेकेदारों अथवा वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करना नहीं है। नई निविदा के तहत चयनित एजेंसी को निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुरूप वर्तमान एजेंसी के वाहनों तथा टीएमसी/एफओसी सहित अन्य तकनीकी कार्यों में लगे कर्मचारियों को सेवाओं में बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त निविदा में तकनीकी कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण का भी प्रावधान किया गया है। कंपनी का कहना है कि इस व्यवस्था के माध्यम से वर्तमान में कार्यरत तकनीकी अमले के रोजगार और हितों का समुचित ध्यान रखने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित