देहरादून/नरेन्द्रनगर , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले की नरेन्द्रनगर विधानसभा के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में गुरुवार को 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली तथा विभिन्न सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

श्रीमती आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मंत्री ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है। बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ किशोरियों और माताओं को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित