अमरोहा , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले ने एक जिला एक उत्पाद योजना (ओडीओपी) के तहत रोजगार और निर्यात के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनूप श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 2147 इकाइयों को सीधा लाभ पहुंचाया गया है, जिससे जिले में 4122 प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं।

उन्होने बताया कि मेटल-वुडन हैंडीक्राफ्ट, ढोलक तथा रेडीमेड गारमेंट्स क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। स्टोनमैन क्राफ्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का सालाना टर्नओवर 50-60 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जिसमें 95 प्रतिशत माल अमेरिका को निर्यात किया जा रहा है। कंपनी में वर्तमान में 1000 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 80 प्रतिशत स्थानीय अमरोहा के हैं।

इसी प्रकार राम म्यूजिकल हैंडीक्राफ्ट (प्रबंधक राजीव कुमार) समेत संबंधित कंपनियों का टर्नओवर 8-10 करोड़ रुपये हो गया है। जीआई टैग मिलने के बाद ढोलक निर्यात में 10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेजन-फ्लिपकार्ट पर ये कंपनियां टॉप सेलर बन चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित