महासमुंद , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 815 नशीली कैप्सूल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बुधवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 72 हजार 321 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक ओडिशा के केसिंगा क्षेत्र से नशीली दवाओं की खेप लेकर रायपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कोमाखान पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपियों ने की पहचान गोविंद शर्मा, राकेश जंघेल और कमलेश कुमार के रूप में हुयी है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 815 नग नशीली कैप्सूल, जिसकी अनुमानित कीमत नौ हजार 321 रुपये, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी कीमत 30 हजार रुपये तथा चार मोबाइल फोन (जिनकी कीमत 33 हजार रुपये आंकी गई है) बरामद किये। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 72 हजार 321 रुपये बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित