जगदलपुर , फरवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोधघाट की पुलिस ने लगातार की जा रही कार्यवाही के दौरान एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 42.431 किलोग्राम अवैध गांजा, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक इन्नोवा कार बरामद की गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार,के अनुसार, थाना बोधघाट को 23 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक सिल्वर रंग की इन्नोवा कार में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग 63 पर आड़ावाल स्थित बरगद पेड़ के पास पहुंची और नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की एक इन्नोवा कार आती दिखी, जिसे रोककर चेक किया गया। कार में सवार दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता के कारण उन्हें पकड़ लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित