राजनांदगांव , जून 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में उर्वरकों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कृषि विभाग ने ओडिशा से बिना वैध दस्तावेजों के लाए जा रहे उर्वरक से भरे एक ट्रक को जब्त किया है।

कृषि विभाग से आज प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम परसबोड़ में खड़े एक ट्रक की जांच की। जांच के दौरान ट्रक में 37 बैग बायो पोटाश तथा 160 बैग ग्रो सुपर दानेदार उर्वरक सहित कुल 197 बैग खाद बिना किसी वैध दस्तावेज के पाए गए।

पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि उर्वरक की खेप ओडिशा के संबलपुर से लाकर राजनांदगांव में उतारी जानी थी। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कृषि विभाग ने ट्रक और उसमें भरे उर्वरकों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सोमनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

कृषि विभाग ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए जिले में निरीक्षण एवं जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित