भुवनेश्वर , जून 18 -- ओडिशा सरकार ने सरकारी स्कूलों में इस्तेमाल होने वाली ओड़िया पाठ्यपुस्तकों में छपाई से जुड़ी कमियों और गलतियों की जांच के लिए गुरुवार को विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव देव रंजन कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया।

समिति को यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गयी है कि गलतियाँ किस स्तर पर हुईं और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाए। इस समिति में श्री सिंह के अलावा ओड़िया भाषा, साहित्य और संस्कृति विभाग के सचिव विजय केतन उपाध्याय और सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव स्मिता पाणी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, समिति को जांच पूरी कर सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। यह निर्णय पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों की पाठ्यपुस्तकों में छपाई की गलतियों के बारे में बड़े पैमाने पर मिली शिकायतों के बाद लिया गया है। इन गलतियों के कारण कथित तौर पर पढ़ाई में बाधा आ रही थी और छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित