भुवनेश्वर , मई 24 -- ओडिशा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 18 वरिष्ठ आईपीएस और ओपीएस संवर्ग के अधिकारियों का विभिन्न जिलों तथा विशेष पुलिस इकाइयों में तबादला और तैनाती की है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) तथा विशेष शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों को प्रशासनिक मजबूती और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से नयी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य बदलावों में नबरंगपुर के एसपी मदकर संदीप संपत को डीआईजी, सीआईडी-सीबी, कटक नियुक्त किया गया है, जबकि खुर्दा के एसपी विवेकानंद शर्मा को एसपी, सीआईडी-सीबी, कटक के पद पर तैनात किया गया है।
रायगड़ा की एसपी स्वाति एस कुमार को भुवनेश्वर स्थित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एसपी बनाया गया है। बरगढ़ के एसपी प्रह्लाद सहाय मीणा को गजपति जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
गंजम के एसपी शुभेंदु कुमार पात्र को खुर्दा का एसपी बनाया गया है, जबकि कंधमाल के एसपी हरिशा बीसी को गंजम जिले का एसपी नियुक्त किया गया है। बौध के एसपी राहुल गोयल को स्पेशल ब्रांच का एसपी बनाया गया है। विशेष शाखा के एसपी राज प्रसाद को रायगड़ा का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि नयागढ़ की एसपी एस सुष्री को विजिलेंस विंग में एसपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
फेरबदल में पदोन्नति से जुड़ी नियुक्तियां भी शामिल हैं। भद्रक के अतिरिक्त एसपी कश्यप पार्थ जगदीश को पदोन्नत कर नबरंगपुर का एसपी बनाया गया है, जबकि रायगड़ा के अतिरिक्त एसपी रामेंद्र प्रसाद को पदोन्नति देकर कंधमाल का एसपी नियुक्त किया गया है।
राज्यपाल के एडीसी कुलदीप मीणा को बौध का एसपी नियुक्त किया गया है। भुवनेश्वर-कटक यूपीडी की एसीपी अनन्या अवस्थी को राज्यपाल का नया एडीसी बनाया गया है।
ओडिशा पुलिस सेवा (ओपीएस) संवर्ग में सीआईडी-सीबी के एसपी कृष्ण प्रसाद पटनायक को एसपी, सिग्नल्स के पद पर भेजा गया है। एसटीएफ भुवनेश्वर के एसपी रवींद्र नाथ सतपथी को बरगढ़ का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि स्पेशल ब्रांच के एसपी कृष्ण प्रसाद दास को एसआरपी, राउरकेला बनाया गया है। इसके अलावा भुवनेश्वर-कटक यूपीडी के डीसीपी किशोर चंद्र मुंडा को देवगढ़ जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित