भुवनेश्वर , सितंबर 29 -- ओडिशा सतर्कता विभाग ने मंगलवार को एक राज्य सरकार के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में तलाशी के दौरान 24 महंगे भूखंड और एक फ्लैट समेत पांच इमारतों का पता लगाया है।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह तलाशी संबलपुर में फैक्ट्रीज़ और बॉयलर्स के सहायक निदेशक उमाकांत सामंतराय के खिलाफ उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से ज़्यादा संपत्ति रखने के आरोप की जांच के तहत की गयी थी।

अधिकारियों ने बताया कि सामंतराय छह फरवरी, 2009 को राउरकेला में फैक्ट्रीज़ और बॉयलर्स के सहायक निदेशक के तौर पर सरकारी नौकरी में शामिल हुए थे, उनकी शुरुआती महीने का वेतन 15,000 रुपये था। बाद में उन्हें अंगुल में पदस्थापित किया गया और वह एक दिसंबर, 2020 से संबलपुर में काम कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक मिली सम्पतियों में भुवनेश्वर के नंदनकानन रोड पर नंदन विहार में 2900 वर्ग फुट का एक डुप्लेक्स, जटानी के पास बाराकुडा में 2,460 वर्ग फुट की इमारत , पुरी के बालीगुआली में 4,000 वर्ग फुट की तीन मंज़िला इमारत और खोरधा के बालूगांव में सुभाष मार्ग पर 4,000 वर्गफुट की दो मंज़िला इमारत शामिल हैं। संबलपुर के धनकौड़ा में सन सिटी अपार्टमेंट में 2,000 वर्ग फुट का 3-बीएचके फ्लैट भी मिला है, इसके अलावा 24 महंगे भूखंड भी मिले हैं। आठ भूखंडभुवनेश्वर और जटानी में चुनिंदा स्थानों पर, तीन खोरधा के बाहरी इलाके में, आठ संबलपुर और उसके आसपास, तीन बुर्ला में और दो रेंगाली में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता तकनीकी शाखा सम्पतियों की कीमतों का पता लगा रही है, जबकि वित्तीय संस्थानों में जमा और दूसरे निवेश की जानकारी का पता लगाया जा रहा है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित