भुवनेश्वर , फरवरी 20 -- ओडिशा विधानसभा में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सदस्यों ने धान खरीद में कुप्रबंधन और किसानों द्वारा औने-पौने दाम पर फसल बेचने के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया जिसकी वजह से सदन को चार बार स्थगित करना पड़ा।
विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सदन के बीचों-बीच आ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। जब सुबह साढ़े दस बजे प्रश्नकाल शुरू हुआ तो जम कर शोर-शराबा शुरू हो गया, जिसके कारण अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यवाही 11:35 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
गतिरोध तोड़ने के लिए अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक बुलाई और सदन को 12:00 बजे तक स्थगित किया। सर्वदलीय बैठक में कोई सहमति नहीं बनी और उपाध्यक्ष भवानी शंकर भोई ने सदन को शाम 4:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित