भुवनेश्वर , जून 06 -- ओडिशा सतर्कता विभाग ने शनिवार को कटक और कंधमाल समेत राज्य के कई हिस्सों में बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग की टीमों ने कंधमाल जिले के बालीगुडा में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (आईटीडीए) के सहायक कार्यकारी अभियंता बैकुंठ नाथ बेहरा के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक की भारी संपत्ति का पता लगाया है। उनकी कानूनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतों के बाद यह तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
भुवनेश्वर के विशेष सतर्कता न्यायाधीश की ओर से जारी तलाशी वारंट के आधार पर विजिलेंस की टीमों ने भुवनेश्वर, बारीपदा, जाजपुर जिले के धर्मशाला और बालीगुडा में कुल नौ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस टीम में दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पांच उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी), छह निरीक्षक और अन्य सहायक कर्मचारी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान सतर्कता अधिकारियों को भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर स्थित नीलाद्रि विहार में एक चार मंजिला इमारत, शैलाश्री विहार में एक तीन मंजिला इमारत और पटिया में बैद्यनाथ मेमोरियल अस्पताल के पास कानन विहार फेज-I में एक दो मंजिला मकान का पता चला।
भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने चंद्रशेखरपुर में एक और दो मंजिला इमारत तथा जाजपुर जिले के धर्मशाला क्षेत्र के पाना में पैतृक भूमि पर बने एक दो मंजिला मकान को भी ढूंढ़ निकाला है।
फिलहाल बारीपदा और पांडुआ में बेहरा के रिश्तेदारों के आवासों के साथ-साथ बालीगुडा में उनके कार्यालय कक्ष और सरकारी आवास पर तलाशी जारी है। विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि संपत्तियों का मूल्यांकन और सत्यापन किया जा रहा है और तलाशी पूरी होने के बाद विस्तृत विवरण सामने आयेगा।
एक अन्य कार्रवाई में ओडिशा विजिलेंस ने कटक जिले में टीपीसीओडीएल के तहत नरसिंहपुर इलेक्ट्रिकल सेक्शन के लाइनमैन-ए निरंजन चौधरी को एक किसान से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित