भुवनेश्वर , जुलाई 27 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य-स्तरीय जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम के पहले 18 दौरों में मिली 96 प्रतिशत शिकायतों का सफलतापूर्वक निपटारा किये जाने का दावा किया है।

श्री माझी ने भुवनेश्वर के यूनिट-2 में मुख्यमंत्री जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम के 19वें दौर में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि सरकार की शिकायत निवारण प्रणाली ने लोगों की शिकायतों का तुरंत निपटान सुनिश्चित कर जनता का भरोसा काफी बढ़ाया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य से लेकर जिला स्तर तक शिकायत निवारण तंत्र की लगातार निगरानी को दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने छह कैबिनेट सहयोगियों के साथ मिलकर नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए गंभीर बीमारियों से पीड़ित 12 मरीजों के इलाज के लिए 'सिंगल विंडो सिस्टम' के माध्यम से 6.15 लाख रुपये की चिकित्सा सहायता को मंजूरी प्रदान की। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राज्य-स्तरीय शिकायत सुनवाई कार्यक्रम के पहले 18 दौरों में मिली 14,941 शिकायतों में से 14,331 का समाधान किया गया है, जिससे निपटान दर 96 प्रतिशत हो गई है। श्री माझी ने शिकायत निवारण तंत्र की हर प्रशासनिक स्तर पर बारीकी से निगरानी करने की बात कही।

इस समय जिलों में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से जन शिकायत सुनवाई कर रहे हैं, वहीं तहसील और प्रखंड स्तर पर भी लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि जून के अंत तक जिला स्तर पर 2,59,213 शिकायतें मिलीं और उन पर सुनवाई हुई, जिनमें से 89 प्रतिशत का समाधान कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित