भुवनेश्वर , फरवरी 22 -- ओडिशा के झारसुगुड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 59 पर रविवार तड़के आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
यह दुर्घटना सदर पुलिस स्टेशन के सामने हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस दल को ले जा रही बोलेरो गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी पांचों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान एपीआर कर्मी काशीराम भोई और देबदत्ता सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजुर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है।
दो एपीआर कर्मियों और एक सार्जेंट समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत झारसुगुड़ा स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित