भुवनेश्वर , अक्टूबर 04 -- ओडिशा सरकार ने 2026-31 के दौरान पर्यटन ढांचे और होटलों के निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और पर्यटन परियोजनाओं के लिए 5,500 एकड़ भूमि का भूमि बैंक मंजूर किया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने राज्य सरकार के इन कदमों का स्वागत किया है।

भाजपा के प्रवक्ता दिलीप मलिक ने कहा कि इन पहलों से पर्यटन ढांचे का विस्तार होगा और इस क्षेत्र में निवेश तथा रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मलिक ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सरकार 29 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटक पुलिस भी तैनात करने जा रही है।

श्री मलिक की यह टिप्पणी ओडिशा ट्रैवल बाजार 2026 के सातवें संस्करण के आयोजन के दौरान आयी। इसमें देश-विदेश के यात्रा संचालकों, निवेशकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। होटलों, होमस्टे, पर्यावरण पर्यटन और इससे जुड़े बुनियादी ढांचे में निवेश इस आयोजन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है।

यात्रा बाजार में ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत, बौद्ध स्थल, वन्यजीव, जंगल, समुद्र तट और जनजातीय परंपराओं को देश और विदेश के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित