भुवनेश्वर , जून 16 -- ओडिशा में क्योंझर ज़िले के महुलडीहा जंगल इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में प्रभात मलिक नामक एक कुख्यात अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गयी।

पुलिस के अनुसार, मलिक को पहले क्योंझर ज़िला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक हथियार और 12,000 रुपये नकद बरामद किये।

अधिकारियों ने बताया कि क्योंझर ज़िले के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में मलिक के ख़िलाफ़ लगभग 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मलिक ने एक हथियार और लूटे गये पैसे का कुछ हिस्सा छिपाकर रखा था। उसे जब उस जगह ले जाया जा रहा था, जहां कथित तौर पर चोरी का धन छिपाया गया था, तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मलिक घायल हो गया और बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित