भुवनेश्वर , अक्टूबर 23 -- ओडिशा में कोरापुट-किरंदुल रेल मार्ग पर मालगाड़ियों की आवाजाही फिर से शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

भूस्खलन के कारण इस रेल मार्ग पर करीब एक महीने से रेल संपर्क बाधित था।

पूर्व तटीय रेलवे ने गुरुवार रात तक प्रभावित तीनों स्थानों पर मरम्मत का काम पूरा कर लिया। कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण इस रेलखंड पर गत 24 सितंबर से रेल सेवाएं निलंबित थीं। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद रेलवे ने निर्धारित सुरक्षा सावधानियों और कड़ी निगरानी के साथ मालगाड़ियों के परिचालन की अनुमति दे दी है , हालांकि यात्री रेल सेवाएं पटरी और रेलवे बुनियादी ढांचे का पूरी तरह आकलन करने तथा आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही बहाल की जायेंगी।

पूर्व तटीय रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने प्रभावित मालीगुड़ा रेलखंड का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए इस रेलखंड को जल्द से जल्द फिर से खोलने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

रेलवे ने बताया कि प्रधान मुख्य अभियंता राजेश शेखावत और रायगढ़ा मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने चौबीसों घंटे मरम्मत कार्यों की निगरानी की। अभियंत्रण, विद्युत तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों की टीमों ने क्षतिग्रस्त रेलवे बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए लगातार काम किया।

भूस्खलन से मालीगुड़ा रेल पुल के पास किलोमीटर संख्या 215/19 से 215/23 के बीच तथा मालीगुड़ा स्टेशन यार्ड में किलोमीटर संख्या 217/25 से 217/36 के बीच रेल पटरी प्रभावित हुई थी।

पूर्व तटीय रेलवे ने रेल सेवाएं बाधित होने से हुई असुविधा को स्वीकार करते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से बस्तर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को परेशानी हुई, जो रेल संपर्क के लिए इस मार्ग पर निर्भर हैं। रेलवे ने यात्रियों और आम लोगों के धैर्य और सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही दोहराया कि प्रभावित रेलखंडों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्री सेवाएं बहाल की जायेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित