भुवनेश्वर , अक्तूबर 01 -- ओडिशा में जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 पूरा होने के बाद भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
चुनाव अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
चुनाव आयोग ने अब एसआईआर के बाद किये जाने वाले आवेदनों के लिए फॉर्म-6 से वर्ष 2002 की मतदाता सूची से संबंधित अतिरिक्त घोषणा को हटा दिया है। इससे एसआईआर के दौरान जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से छूट गये हैं, उन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से नए सिरे से आवेदन करते समय वर्ष 2002 की मतदाता सूची का विवरण या उसमें उनके माता-पिता अथवा दादा-दादी के नाम दर्ज होने संबंधी जानकारी नहीं देनी होगी।
इस बदलाव का अर्थ है कि ऐसे आवेदक वर्ष 2002 की मतदाता सूची से संबंधित अतिरिक्त घोषणा के बिना सामान्य प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, केवल फॉर्म-6 जमा करने से मतदाता सूची में नाम अपने आप शामिल होने की गारंटी नहीं होगी।आवेदक की पात्रता और आवेदन के साथ दिए गए विवरण तथा दस्तावेजों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच जारी रहेगी। संबंधित चुनाव अधिकारी कानून और नियमों के अनुसार आवश्यक जांच पूरी करने के बाद ही नाम मतदाता सूची में शामिल करने का निर्णय लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित