भुवनेश्वर , अप्रैल 08 -- ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने आय से अधिक की संपत्ति रखने के मामले में एक अतिरिक्त मुख्य अभियंता से जुड़ी संपत्तियों पर बुधवार को छापेमारी की।
सतर्कता विभाग के सूत्रों के अनुसार केंद्रीय सिंचाई सर्कल में अतिरिक्त मुख्य अभियंता के रूप में कार्यरत राजेश चंद्र मोहंती के आय से अधिक संपत्ति अर्जन के मामले में यह कार्रवाई की गयी। उन्होंने बताया कि एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 11 पुलिस उपाधीक्षकों, नौ निरीक्षकों, आठ सहायक उप निरीक्षकों और अन्य सहायक कर्मचारियों के नेतृत्व वाली टीमों द्वारा कई स्थानों पर आज एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। ये छापे कटक के विशेष सतर्कता न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर मारे गए।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने भुवनेश्वर के बारामुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक तीन मंजिला आवासीय इमारत का पता लगाया। जाजपुर जिले के कोलहासिंह गांव में पैतृक घर और ढेंकनाल जिले के जुबली टाउन के देउला साही में एक रिश्तेदार के आवास की भी तलाशी ली गई। भुवनेश्वर में श्री मोहंती के कार्यालय कक्ष में भी छापेमारी की गई, जहां वे बांध सुरक्षा प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा, ढेंकनाल जिले के बिम्बोल में लगभग 1.71 एकड़ में फैले एक दो मंजिला भवन और एक फार्महाउस के साथ-साथ लगभग 4,000 वर्ग फुट के एक अन्य भवन का भी निरीक्षण किया गया।
सतर्कता टीमों ने भुवनेश्वर में स्थित एक और ढेंकनाल जिले के बिम्बोल और भापुर क्षेत्रों में स्थित चार सहित पांच महत्वपूर्ण भू-भागों की पहचान की। उन्होंने बताया कि इमारतों, फार्महाउस और भूखंडों का मापन एवं मूल्यांकन वर्तमान में सतर्कता तकनीकी विंग द्वारा किया जा रहा है। अचल संपत्तियों के अलावा, तलाशी अभियान के दौरान टीमों ने 6.23 लाख रुपये नकद, 60.09 लाख रुपये बैंक जमा और सोने के आभूषण बरामद किए। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित