भुवनेश्वर , अप्रैल 10 -- ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में क्रांति लाने के उद्देश्य से 'अटल बस स्टैंड योजना' को मंज़ूरी प्रदान की है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय की मंजूरी प्रदान की गयी। इस योजना के तहत, ज़िला मुख्यालयों, अनुमंडल मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों, शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों सहित प्रमुख स्थानों पर 'अटल बस स्टैंड' स्थापित किए जाएँगे। इस पहल का उद्देश्य सामाजिक एकता को बढ़ावा देना, आर्थिक विकास को गति देना और पूरे ओडिशा में समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें पर्यावरणीय स्थिरता को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 'अटल बस स्टैंड योजना' का लक्ष्य ओडिशा में मौजूदा सभी सार्वजनिक बस स्टैंडों को एक एकीकृत प्रबंधन संरचना के तहत लाना है।
उन्होंने कहा कि इसमें पूरे राज्य में बस स्टैंडों का नवीनीकरण, विकास, संचालन और रखरखाव शामिल होगा, जिससे बुनियादी ढांचे और सेवा वितरण में एकरूपता सुनिश्चित होगी। मुख्य सचिव ने कहा कि इन सुविधाओं को एक साथ लाकर, यह योजना परिचालन दक्षता प्रदान करने, राजस्व सृजन बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के समग्र प्रबंधन में सुधार करेगी। 'अटल बस स्टैंड योजना' के तहत आने वाले बस स्टैंडों को आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक परिवहन बुनियादी ढांचे के रूप में मान्यता दी जाएगी।
ये बस स्टैंड सरकारी और निजी, दोनों तरह के बस संचालकों की ज़रूरतों को पूरा करेंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन के प्रति एक एकीकृत दृष्टिकोण सुनिश्चित होगा जिसका लाभ सभी उपयोगकर्ताओं को मिलेगा। यह पहल ओडिशा के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है जिसका उद्देश्य राज्य की परिवहन सुविधाओं में सुधार करना और यहाँ के निवासियों के लिए बेहतर सेवा वितरण सुनिश्चित करना है। इस योजना के प्राथमिक उद्देश्यों में राज्य भर के विभिन्न स्थानों पर बस स्टैंडों का निर्माण, विकास और पुनर्विकास शामिल है। ये विकास कार्य उद्योग के मानकों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के अनुरूप होंगे, जिनका मुख्य ज़ोर एकीकृत और कुशल परिवहन केंद्र बनाने पर होगा।
इस योजना का उद्देश्य परिचालन संबंधी देनदारियों को कम करना, वित्तीय प्रबंधन रणनीतियों में सुधार करना और पूरे ओडिशा में टिकाऊ, उच्च-गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करना है। जनता की विविध आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए, 'अटल बस स्टैंड योजना' के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंडों को तीन श्रेणियों ए, बीस और सी में वर्गीकृत किया जाएगा। यह वर्गीकरण प्रत्येक क्षेत्र में परिवहन और संचार की आवश्यकताओं की मात्रा पर आधारित होगा। यह वर्गीकरण सुनिश्चित करेगा कि बुनियादी ढांचा प्रत्येक स्थान की विशिष्ट मांगों को पूरा करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित