भुवनेश्वर , जुलाई 01 -- ओडिशा की कंधमाल पुलिस ने मध्य प्रदेश के रीवा जिले से गांजा तस्करी नेटवर्क के सरगना को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के 1,470 किलोग्राम गांजे की जब्ती के सिलसिले में की गयी है।
ओडिशा पुलिस सूत्रों के अनुसार, उप-निरीक्षक अनंत कुमार प्रधान के नेतृत्व में विशेष टीम ने मंगलवार को रीवा में छापेमारी की और आदित्य मिश्रा उर्फ राकेश उर्फ सांवरिया (28) को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान इस तस्करी अभियान के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक चौपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किये हैं।
यह मामला दो जून 2026 का है, जब गोच्छापाड़ा पुलिस ने बलंदापाड़ा चौकी क्षेत्र, विशेष रूप से लुइसिंग इलाके से भारी मात्रा में गांजे के अवैध परिवहन के संबंध में मिली सटीक जानकारी के आधार पर सुतानी घाटी में छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोककर उसके भीतर छिपाकर रखा गया 1,470 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया गया और ट्रक चालक योगेश मीणा (42) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित