भुवनेश्वर , अक्टूबर 03 -- ओडिशा सरकार ने शनिवार को राज्य में वन्यजीव संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रकृति-आधारित पर्यटन को मज़बूत करने की कोशिशों के तहत वन्यजीव अनुसंधान के लिए एक अनुदान शुरू किया। इसके साथ ही नये प्रकृति आधारित पर्यटन स्थल का उद्घाटन किया गया और पर्यटन अवसंरचना परियोजनाओं की घोषणा की गई।
वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया की मौजूदगी में लोक सेवा भवन में राज्य-स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह-2026 के दौरान 'ओडिशा के वन्यजीव पर अनुसंधान के लिए मुख्यमंत्री अनुदान' शुरू किया गया।
नंदनकानन प्राणी उद्यान में अवसंरचना और पर्यटक सुविधाओं समेत कई नये प्रकृति आधारित पर्यटन की परियोजनाओं की आधारशिला भी ऑनलाइन रखी गई।
श्री सिंह खुंटिया ने कहा कि वैज्ञानिक तरीकों, आधुनिक प्रौद्योगिकी, प्रशासनिक उपायों और वनकर्मियों व स्थानीय समुदायों की कोशिशों से ओडिशा ने पिछले दो सालों में वन्यजीव संरक्षण में कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्वी घाट की जैव-विविधता और भीतरकनिका के अंतर-ज्वारीय इकोसिस्टम पर फ़िल्में भी जारी कीं! इसके साथ ही राज्य के वन्यजीव, जैव-विविधता और संरक्षण अनुसंधान पर प्रकाशन भी जारी किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित