भुवनेश्वर , जून 22 -- ओडिशा सरकार ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम तमिलनाडु के तिरुवल्लूर भेजी है, जो अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित ओडिशा के श्रमिकों और उनके परिवारों को राहत कार्यों में मदद और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय करेगी।

इस टीम का नेतृत्व कर रहे श्रम एवं ईएसआई विभाग के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार रविवार रात एक मृत श्रमिक का शव चेन्नई भेजा गया और आज उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। ओडिशा टीम के एक सदस्य एम.एम. पाइक चेन्नई में ही रुकेंगे। वह पोस्टमार्टम और उससे जुड़ी अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए संयुक्त श्रम आयुक्त और सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाएंगे।

श्री अग्रवाल और बी.बी.आचार्य चेन्नई पहुंचने के बाद राहत और तालमेल के कामों की देखरेख के लिए तिरुवल्लूर जाएंगे। वहां अस्पतालों में भर्ती घायल श्रमिकों का इलाज चल रहा है और कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। एक और मृत श्रमिक का शव अभी तिरुवल्लूर में है।

लगभग 130 श्रमिकों को पास के ही एक कम्युनिटी हॉल में ठहराया गया है, जहां उनके लिए भोजन और अन्य ज़रूरी सुविधाओं का इंतज़ाम किया गया है। ओडिशा सरकार ने चेन्नई और तिरुवल्लूर में श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया है और समय पर मदद सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देशों पर अमल करते हुए ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने तमिलनाडु की मुख्य सचिव से बातचीत की ताकि प्रभावित ओडिया श्रमिकों का सही इलाज सुनिश्चित किया जा सके और उन्हें हर ज़रूरी मदद मिल सके।

श्री माझी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायल श्रमिकों के जल्द ठीक होने की भी कामना की। ओडिशा सरकार ने कहा कि वह प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए तमिलनाडु प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

रविवार सुबह तिरुवल्लूर ज़िले के पेरियापालयम के पास कनिगईपैर में एक सीफ़ूड निर्यात इकाई में अमोनिया गैस लीक होने से कम से कम दो ओडिया श्रमिकों की मौत हो गयी और कई अन्य की तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया।

सूत्रों के अनुसार, मारे गये श्रमिकों की पहचान जुमानी जुआंग और मालती के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित