भुवनेश्वर , मई 07 -- ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने कहा कि कनाडा ने राज्य के साथ खनन, स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक सहयोग परियोजनाओं में साझेदारी करने में रुचि दिखाई है।

श्री सिंहदेव ने भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर से बातचीत के बाद यह जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री कूटर अपनी पत्नी के साथ लोक सेवा भवन में सिंह देव से शिष्टाचार भेंट करने आए और व्यापार, खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।

बैठक में ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विशाल कुमार देव और वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव और ओपीटीसीएल के मुख्य निदेशक भास्कर ज्योति शर्मा भी उपस्थित थे। चर्चा में भारत-कनाडा सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया, जिसमें ओडिशा की औद्योगिक वृद्धि और निवेश क्षमता, विशेष रूप से कृषि निर्यात, प्रौद्योगिकी साझेदारी, सतत औद्योगिक विकास और द्विपक्षीय व्यापार पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान श्री सिंह देव ने ओडिशा की खनिज संपदा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत के क्रोमाइट भंडार का लगभग 92 प्रतिशत हिस्सा ओडिशा में है और इसके तटीय क्षेत्रों में दुर्लभ खनिजों के महत्वपूर्ण भंडार भी मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि खनन, खनिज प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित उद्योगों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए ओडिशा में अपार अवसर हैं। कनाडाई प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के ऑटोमोबाइल और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश के अवसरों में गहरी रुचि दिखाई, जबकि दोनों पक्षों ने नवीकरणीय ऊर्जा, औद्योगिक नवाचार और उन्नत विनिर्माण प्रौद्योगिकियों में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाया।

श्री सिंह देव ने प्रतिनिधिमंडल को ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत, कृषि अर्थव्यवस्था और औद्योगिक परिवर्तन के बारे में भी जानकारी दी और सतत और समावेशी विकास पर राज्य के फोकस को रेखांकित किया। ओडिशा के कारोबारी माहौल का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक की 'ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस' रैंकिंग में राज्य एक 'अचीवर' के रूप में उभरा है और नीतिगत स्थिरता, मजबूत बुनियादी ढांचे और उद्योग-अनुकूल शासन के कारण वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करना जारी रखे हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित