भुवनेश्वर , मई 22 -- ओडिशा में सतर्कता विभाग ने सहकारी संस्थाओं में कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ नवीनतम कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को रायगढ़ा जिले में के. सिंहपुर लार्ज एरिया मल्टी-पर्पस कोऑपरेटिव सोसाइटी (एलएएमपीसीएस) के प्रबंध निदेशक तारिणी प्रसाद त्रिपाठी को संस्था के कोष से लगभग 75 लाख रुपये का घोटाला करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने कहा कि रिकॉर्डों के विस्तृत सत्यापन से पता चला है कि कथित धोखाधड़ी 2024-26 की अवधि के दौरान आधिकारिक दस्तावेजों एवं वित्तीय रिकॉर्डों में हेरफेर कर की गई थी।
जांच में पाया गया कि गबन की गई राशि में सहकारी समिति के प्राथमिक सदस्यों की बचत एवं जमा राशि शामिल थी जिससे स्थानीय जमाकर्ता प्रभावित हुए जो अपनी वित्तीय सुरक्षा के लिए संस्था पर निर्भर थे।
ओडिशा सतर्कता विभाग ने प्रथम दृष्टया में भ्रष्टाचार का साक्ष्य मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के संबंधित प्रावधानों के तहत त्रिपाठी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी त्रिपाठी को अदालत में पेश किया गया। सतर्कता अधिकारियों ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित