भुवनेश्वर , जून 24 -- ओडिशा सतर्कता विभाग ने बुधवार को संबलपुर संभाग के एक अभियंता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान अभियंता के पास तीन इमारतें, कई जिलों में फैले 18 भूखंड और चार देशों की विदेशी मुद्रा मिली।
संबलपुर संभाग के कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीएडीए) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पद्मलोचन नायक द्वारा कथित रूप से जुटायी गयी संपत्तियों में कटक में 18,840 वर्ग फुट में फैली एक विशाल तीन मंजिला हवेली, दो अन्य आवासीय इमारतें, 18 भूखंड और विदेशी मुद्रा शामिल हैं।
सतर्कता विभाग ने पाया कि आरोपी के पास उनकी ज्ञात आय से 119 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। इसके बाद उन्हें संबलपुर में सतर्कता विभाग के विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहाँ उनकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह गिरफ्तारी संबलपुर, कटक, बालासोर और अन्य जिलों में अभियंता से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ की गयी छापेमारी के बाद हुई है। संपत्तियों में कटक के विद्याधरपुर में लगभग आवासीय इमारत भी शामिल है।
अधिकारियों ने बालासोर जिले के बस्ता थाना अंतर्गत मुकुलिसी में लगभग 1,465 वर्ग फुट के दो मंजिला मकान के साथ-साथ उसी स्थान पर एक और इमारत का भी पता लगाया।
जांचकर्ताओं को पता चला कि अभियंता और उनके परिवार के सदस्यों के पास 18 मूल्यवान भूखंड हैं, जिनमें से पांच भुवनेश्वर में, तीन कटक में, छह जाजपुर जिले के कोरेई क्षेत्र में, तीन बालासोर जिले के बस्ता में और एक पुरी जिले के डेलंग में स्थित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित