भुवनेश्वर , जुलाई 27 -- पूर्वी तट रेलवे के अंतर्गत ओडिशा के संबलपुर मंडल में सिकिर और टिटलागढ़ स्टेशनों के बीच सोमवार को कोयले से लदी एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई।

अधिकारियों ने बताया कि इंजन से 14वें डिब्बे का पिछला पहिया पटरी से उतरने के कारण यह हादसा हुआ। घटना सुबह करीब 11.23 बजे हुई और दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

वरिष्ठ रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, जबकि कांटाबांजी से एक दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) बचाव कार्य के लिए भेजी गई। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

पूर्वी तट रेलवे ने कहा कि मालगाड़ी के पटरी से उतरने से यात्री ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं और मालगाड़ियों का परिचालन जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित