भुवनेश्वर , जुलाई 24 -- ओडिशा के मंत्री संपद चंद्र स्वाईं के हस्तक्षेप से सऊदी अरब में फंसा एक ओडिया युवक 26 जुलाई को घर लौट रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जगत्सिंहपुर जिले का निवासी युवक प्रलय रंजन महापात्र 24 मई 2024 को 'मजाद अल-हर्बी कंपनी' में ह्वील लोडर ड्राइवर के रूप में काम करने के लिए सऊदी अरब गया था। उसका रोजगार अनुबंध 30 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गया था, लेकिन कंपनी ने उसका 'अंतिम निकास परमिट' रोककर उसकी भारत वापसी में बाधा उत्पन्न की। महापात्र की मां प्रतिमा सेठी की ओर से अपील मिलने के बाद राज्य के उद्योग और कौशल विकास मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने तुरंत इस मामले को विदेश मंत्रालय (एमईए) के समक्ष उठाया। उन्होंने सऊदी अरब में भारत के राजदूत को भी पत्र लिखकर युवक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप का आग्रह किया।
मंत्री के अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने महापात्र के नियोक्ता से संपर्क किया और अनिवार्य 'अंतिम निकास परमिट' एवं हवाई टिकट सुरक्षित कराने के लिए लगातार प्रयास किये। वाणिज्य दूतावास के प्रयासों और कंपनी से बातचीत के बाद नियोक्ता 'अंतिम निकास परमिट' जारी करने और महापात्र की भारत यात्रा की व्यवस्था करने पर सहमत हो गया।
उनके स्वदेश लौटने का कार्यक्रम 26 जुलाई को तय है।
सऊदी अरब में महापात्र के लंबे समय तक रुकने के कारण उनके परिवार को काफी चिंता का सामना करना पड़ा था। उनके बीमार पिता साधु चरण सेठी अपने बेटे की वापसी को लेकर अनिश्चितता के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव में थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित