भुवनेश्वर , जुलाई 27 -- ओडिशा के पूर्व मंत्री तथा बीजू जनता दल (बीजद) के तीन बार के विधायक सुशांत सिंह का सोमवार को भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे।
पश्चिमी ओडिशा के प्रमुख बीजद नेता सुशांत सिंह ने बरगढ़ जिले की भाटली विधानसभा सीट से वर्ष 2009, 2014 और 2019 का विधानसभा चुनाव जीता था। नवीन पटनायक सरकार में उन्होंने श्रम एवं कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) विभाग में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री तथा बाद में ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में कार्य किया।
श्री सिंह लंबे समय से बीमार थे और स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद 2025 की शुरुआत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में वह भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार इरासिस आचार्य से पराजित हो गये थे। पश्चिमी ओडिशा में उन्हें जनाधार वाले प्रभावशाली नेता के रूप में जाना जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित