भुवनेश्वर , अक्टूबर 23 -- ओडिशा में इंडियन ऑयल की पारादीप रिफाइनरी में औद्योगिक आपात स्थितियों से निपटने की अपनी तैयारियों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं का आकलन करने के लिए एक असामान्य समय पर 'लेवल-2' का आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

रिफाइनरी की स्वीकृत आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन योजना के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास में डिलेड कोकर यूनिट (डीसीयू) के फ्रैक्शनेटर रिफ्लक्स पंप में सील लीकेज और उसके बाद यूनिट में आग लगने की स्थिति का कृत्रिम रूप से अभ्यास किया गया। इस मॉक ड्रिल में म्यूचुअल एड इंडस्ट्रीज ने भी हिस्सा लिया।

आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने निर्धारित प्रतिक्रिया एवं नियंत्रण उपायों को समन्वित तरीके से लागू किया जिसकी वहां मौजूद अधिकारियों ने सराहना की।

पारादीप रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक और रिफाइनरी प्रमुख कौशिक बसु ने इस अभ्यास की समीक्षा के लिए आयोजित समीक्षा सत्र की अध्यक्षता की।

ओडिशा के बंदरगाह शहर पारादीप में स्थित, इंडियन ऑयल की पारादीप रिफाइनरी एक बड़ा रिफाइनिंग परिसर है, जिसकी सालाना रिफाइनिंग क्षमता 150 लाख टन है। यह रिफाइनरी इंडियन ऑयल के रिफाइनिंग नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है और देश की पेट्रोलियम उत्पादों की जरूरतों को पूरा करने में योगदान देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित