भुवनेश्वर , जुलाई 24 -- ओडिशा के गंजम ज़िले में शुक्रवार को गिरफ़्तारी से बचने की कोशिश के दौरान एक वांछित अपराधी ने पुलिस टीम पर कथित रूप से बम फेंका और गोलीबारी की जिसके बाद पुलिस मुठभेड़ में वह घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पुरूषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के नैताडा साही का कालिया उर्फ घनश्याम बेहरा है जो कि कई लूट एवं डकैती के मामलों में वांछित है।
गुप्त सूचना के आधार पर, पुरुषोत्तमपुर के प्रभारी निरीक्षक कुलमणि सेठी की अगुवाई में एक टीम ने उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया।
पुलिस ने कोडला पुलिस स्टेशन इलाके में किनारी एवं चुनचीपाडा के बीच जंगल वाले रास्ते पर कालिया को रोका जो अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, कालिया ने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर बम फेंका और गोलीबारी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और पुलिस निरीक्षक सेठी ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल कालिया को पहले कोडाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए बेरहामपुर के एमकेसीजी चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। उसका साथी भागने में कामयाब रहा और उसे खोजने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस ने इस घटना की आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित