बेंगलुरु , मार्च 15 -- ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को कथित रूप से रिश्वत देने के मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने बेंगलुरु के पास रामनगर जिले में एक रिसॉर्ट से दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिदादी इलाके के एक रिसॉर्ट के पास से दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिन्होंने कथित तौर पर वहां ठहरे विधायकों से संपर्क कर उनसे बातचीत करने की कोशिश की थी। ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के उपनेता अशोक कुमार दास ने बिदादी पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि चार लोगों ने कुछ कांग्रेस विधायकों से संपर्क कर उन्हें आगामी राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए करोड़ों रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की।

शिकायत में कहा गया है कि ओडिशा से राज्यसभा चुनाव 16 मार्च 2026 को है। श्री दास ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा अतिरिक्त उम्मीदवार उतारे जाने के कारण कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने या उन्हें तोड़ने की आशंका थी।

उन्होंने बताया कि विधायकों की सुरक्षा को देखते हुए कांग्रेस के आठ विधायक 12 मार्च से बेंगलुरु में ठहरे हुए हैं।

शिकायत के अनुसार, रविवार को चार अज्ञात व्यक्तियों ने कुछ विधायकों से मुलाकात कर उन्हें एक उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के बदले भारी रकम देने की पेशकश की। जब विधायकों ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो आरोप है कि उन लोगों ने ओडिशा लौटने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अपशब्द भी कहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित