भुवनेश्वर , अगस्त 16 -- ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के पट्टामुंडई प्रखंड में अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों के लिए संचालित सरकारी आवासीय स्कूल परिसर में बाढ़ का पानी घुसने के बाद करीब 400 बच्चे फंस गये हैं। इनमें करीब 150 छात्राएं शामिल हैं।

जिले के कई निचले इलाकों में ब्राह्मणी नदी के उफान पर होने और उसका जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण एक बार फिर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। जिले में करीब एक पखवाड़े पहले भी बाढ़ की स्थिति बनी थी।

पेंठापाला ग्राम पंचायत के अंतर्गत कुलसाही गांव में निचले इलाके में स्थित यह आवासीय स्कूल रविवार दोपहर आसपास के गांव में पानी भरने के बाद बाढ़ से घिर गया। दो मंजिला स्कूल में करीब 400 विद्यार्थी रहते हैं, जिनमें 150 छात्राएं हैं।

छात्राओं के भूतल पर रहने के कारण स्थानीय प्रशासन ने उन्हें आऊल स्थित एक अन्य आवासीय स्कूल में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया है। पट्टामुंडई के प्रखंड विकास अधिकारी शीतल अग्रवाल ने बताया कि छात्राओं को निकालने के लिए मोटर चालित नावों की मदद ली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित