भुवनेश्वर , अक्टूबर 14 -- बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को कहा कि 'डबल-इंजन' सरकार के दौर में राज्य में किसान, महिलाएं, बुजुर्ग, गरीब और मध्यम वर्ग के लोग परेशान हैं जबकि 'जेनरेशन जेड' का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।
भुवनेश्वर मध्य विधानसभा क्षेत्र में बीजद की ओर से आयोजित जन-संपर्क पदयात्रा को संबोधित करते हुए श्री पटनायक ने आरोप लगाया कि ज़रूरी चीज़ों की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "विकास बीजद सरकार का मुख्य एजेंडा था लेकिन मौजूदा डबल-इंजन की सरकार के तहत, सत्तारुढ़ पार्टी का विकास ही मुख्य एजेंडा बन गया है।"श्री पटनायक ने कहा कि मौजूदा सरकार के दौर में किसान, महिलाएं, बुजुर्ग, गरीब और मध्यम वर्ग सभी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 'जेनरेशन जेड' का भविष्य भी अंधकारमय है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ज़रूरी चीज़ों की कीमतें लगातार बढ़ रही है जिससे लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन बनी हुई है। उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ओडिशा प्रशासनिक अक्षमता के मामले में देश का नंबर एक राज्य बन गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के साथ जुड़े रहने, उनकी चिंताओं को उठाने और सरकार की नाकामियों को उजागर करने का आग्रह किया।
पूर्व मंत्री अशोक पांडा, विधायक सुशांत राउत और अनंत नारायण जेना और भुवनेश्वर की महापौर सुलोचना दास ने भी सभा को संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित