पटना , मई 15 -- ओडिशा की मुख्य सचिव श्रीमती अनु गर्ग ने शुक्रवार को अपनी बिहार यात्रा के दौरान गर्दनीबाग स्थित 'बापू टावर' का भ्रमण किया।
इस अवसर पर श्रीमती अनु गर्ग के साथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव श्री संजय कुमार सिंह सहित ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहें।
बापू टावर के भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, उनके आदर्शों और चंपारण सत्याग्रह से जुड़ी प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने टावर की आधुनिक वास्तुकला और गांधीजी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने बापू टावर में स्थापित विभिन्न दीर्घाओं एवं रैम्प का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन दर्शन, चंपारण सत्याग्रह में बिहार के लोगों की भूमिका और बापू के सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रदर्शनियों को देखा। अत्याधुनिक डिजिटल और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से इतिहास के इस प्रस्तुतीकरण को बेजोड़ बताया। उन्होंने बापू टावर को ज्ञान और प्रेरणा का एक उत्कृष्ट केंद्र बताया, जो युवाओं को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने मुख्य सचिव श्रीमती अनु गर्ग एवं प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित