भुवनेश्वर , जून 12 -- ओडिशा पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (एसटीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के ख़िलाफ़ एक बड़ी कार्रवाई करते हुये गुरुवार को भुवनेश्वर के पास 101 किलोग्राम से ज़्यादा गांजा ज़ब्त कर दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ़्तार किया। इस ऑपरेशन के दौरान, प्रतिबंधित सामान की ढुलाई में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी और दो मोबाइल फ़ोन भी ज़ब्त किए गए।

बौध ज़िले से भुवनेश्वर तक बड़ी मात्रा में गांजा ले जाए जाने की पुख्ता सूचना मिलने पर, एसटीएफ की एक टीम ने दोपहर करीब 1.30 बजे चंडका पुलिस स्टेशन के इलाके में अंधरुआ में छापेमारी की।

ऑपरेशन के दौरान एसटीएफ के जवानों ने एक ऑटो-रिक्शा को रोका। पुलिस टीम को देखते ही उसमें सवार लोग पास के जंगल की ओर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन एसटीएफ ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बौध जिले के बाउंसुनी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले टेंटुलिपाली गांव के जगदीश बेहरा (45) और मनमुंडा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कुमारकानी गांव के संजीत थाटी (29) के रूप में हुई है। गाड़ी की तलाशी लेने पर पांच बोरियों में भरा 101.540 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। एसटीएफ तस्करी के लिए इस्तेमाल किए गए ऑटो-रिक्शा और आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित