भुवनेश्वर , मई 25 -- ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) को सोमवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राज्यसभा सदस्य देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के कभी बेहद करीबी माने जाने वाले श्री सामंतराय जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। इस कयास को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि इससे पहले बीजद के दो पूर्व राज्यसभा सदस्य पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

सूत्रों और राजनीतिक विश्लेषकों ने संकेत दिया है कि राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाराबती-कटक विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके श्री सामंतराय को जून में होने वाले आगामी द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा के टिकट पर फिर से राज्यसभा भेजे जाने का कथित तौर पर आश्वासन दिया गया है।

गौरतलब है कि बीजद की पूर्व राज्यसभा सांसद ममता मोहंता और सुजीत कुमार ने इससे पहले बीजद में रहते हुए उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद दोनों को भाजपा के टिकट पर दोबारा राज्यसभा के लिए चुना गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित