भुवनेश्वर , जुलाई 14 -- ओडिशा के प्रमुख विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सुंदरगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़की के कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद वहां का दौरा करने के लिए पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है।
विधायक और पार्टी के सुंदरगढ़ जिला अध्यक्ष जोगेश सिंह के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का दौरा करेगा। दल के सदस्य पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पार्टी की ओर से संवेदना व्यक्त करेंगे और उन्हें सहयोग का भरोसा देंगे। इस दौरान कानूनी प्रावधानों के अनुसार पीड़िता की गोपनीयता और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
यह दल जांच की प्रगति की समीक्षा करने और प्रशासनिक कार्रवाई का आकलन करने के लिए जिला प्रशासन, सुरक्षा बलों, चिकित्सा अधिकारियों और बाल संरक्षण अधिकारियों से बातचीत करेगा। इसके साथ ही पीड़िता की सुरक्षा, चिकित्सा, परामर्श और पुनर्वास के लिए उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की जाएगी। अपने आकलन के आधार पर यह प्रतिनिधिमंडल बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा।
रिर्पोटों के अनुसार, पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ निवासी एक14 वर्ष की यह लड़की एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने आई थी, तभी दो लोगों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया और उसे जंगल में ले गए। वहां चार अन्य लोग भी उनके साथ शामिल हो गए और उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे उसके घर छोड़ दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित