भुवनेश्वर , जुलाई 10 -- ओडिशा में गंजम जिले की पुलिस ने पूरे जिले में विस्फोटक पदार्थों के अवैध कब्जे, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सप्ताह भर चले एक विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 24 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह अभियान विस्फोटक अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और ओडिशा पटाखा एवं लाउडस्पीकर नियमन अधिनियम के प्रावधानों के तहत सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस ने जहां भी आवश्यकता हुई, वैधानिक नोटिस भी जारी किए। इस अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की, जिसमें 14 हजार से अधिक जिलेटिन की छड़ें, 340 से अधिक डेटोनेटर, 1,100 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट, केलकॉर्ड विस्फोटक तार, ब्लास्टिंग गनपाउडर, गंधक, सोडियम नाइट्रेट, धातु पाउडर और अवैध रूप से संग्रहित पटाखे शामिल हैं। इन अवैध गतिविधियों में कथित रूप से उपयोग किए जाने वाले वाहनों, खुदाई के उपकरणों और अन्य सामग्रियों को भी जब्त किया गया है।
सबसे बड़ी बरामदगी बेलागांव में हुयी। यहां पुलिस ने 12,400 जिलेटिन की छड़ें और ब्लास्टिंग तार के 47 कॉइल जब्त किए। केएस नगर पुलिस ने 2 हजार जिलेटिन की छड़ें, 50 डेटोनेटर, 50 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और ब्लास्टिंग तार बरामद किए, जबकि पोलासाड़ा पुलिस ने 1,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया। छत्रपुर पुलिस ने भी जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, अमोनियम नाइट्रेट और अन्य ब्लास्टिंग सामग्री बरामद की। इसके अलावा, कई थानों ने पटाखों की अवैध जमाखोरी और बिक्री से जुड़े मामलों का पता लगाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित