भुवनेश्वर , जून 17 -- ओडिशा के गंजम और ढेंकानाल जिलों में अलग-अलग घटनाओं में आसमान से बिजली गिरने से तीन लोगों की जान चली गयी।आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को गंजम जिले में दो और ढेंकानाल जिले में एक मौत हुई। गंजम जिले के शेरागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत लांजीपल्ली गांव के मुरली साहू की उस समय मौत हो गयी, जब वह अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गयी। गंजम में ही एक अन्य घटना में, दिगपहंडी क्षेत्र के अंतर्गत दाशीपुर गांव के कान्हा रेड्डी की अपने घर के पास एक मैदान में क्रिकेट खेलने के दौरान बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। ढेंकानाल जिले के कामाख्यानगर क्षेत्र के गर्डिया गांव के सुशांत कुमार सेठी की भी खेती के काम लगे होने के दौरान आसमान से बिजली गिरने से जान चली गयी।

इन घटनाओं के बाद तीनों पीड़ितों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित