भुवनेश्वर , अगस्त 04 -- ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन पर अपने विधानसभा क्षेत्र चिलिका में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।

बीजद प्रवक्ता एवं मीडिया समन्वयक लेनिन मोहंती ने सोमवार को आरोप लगाया कि कानून मंत्री से कथित रूप से जुड़े असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।

उन्होंने कहा कि कानून मंत्री के अपने निर्वाचन क्षेत्र की बिगड़ती कानून-व्यवस्था राज्य में भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाती है।

श्री मोहंती ने आरोप लगाया कि नाचुनी थाना क्षेत्र के खजुरीपाड़ा गांव के एक युवक के साथ मछली पकड़ने के मामूली विवाद को लेकर तुकुना सामंतसिंहार के नेतृत्व में कुछ लोगों ने दिनदहाड़े मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

बीजद ने चिलिका क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के प्रयास के मामले का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी कानून मंत्री के करीबी होने के कारण पुलिस ने उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

पार्टी के अनुसार पीड़िता ने 28 जुलाई को नाचुनी थाने में शिकायत दर्ज करायी थी, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बजाय पीड़िता को ही कथित रूप से धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

श्री मोहंती ने आरोप लगाया कि महिलाओं और आदिवासी समुदाय की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताने वाली भाजपा सरकार इस मामले में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कानून मंत्री के गृह क्षेत्र में पुलिस की कथित निष्क्रियता सरकार की निष्पक्ष कानून व्यवस्था लागू करने की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बीजद ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कानून के अनुसार शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित