नयी दिल्ली , मई 31 -- चुनाव आयोग ने ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तीसरे चरण के तहत गणना चरण शुरू कर दिया है।
आयोग की रविवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इन चार राज्यों में यह अभियान 30 मई से शुरू हो चुका है। जिन पात्र मतदाताओं के फॉर्म 28 जून या उससे पहले अधिकारी के पास जमा हो जाएंगे, उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किये जाएंगे। जो लोग इस तारीख तक फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे बाद में दावा और आपत्ति अवधि के दौरान 'फॉर्म 6' के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। मतदाता इन फॉर्मों को बीएलओ के पास या ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। नये मतदाताओं के लिए बीएलओ अपने साथ खाली फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भी रखेंगे।राजनीतिक दलों की भागीदारी बढ़ाने के लिए आयोग ने मान्यता प्राप्त दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को जनता से प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म एकत्र कर बीएलओ को सौंपने की अनुमति दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित