भुवनेश्वर , मार्च 24 -- ओडिशा विधानसभा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के 16 मार्च को एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहने से गतिरोध बना हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने इस गतिरोध को खत्म करने के लिए तीन सर्वदलीय बैठकें बुलायी लेकिन विपक्ष के अड़े रहने से कोई आम सहमति नहीं बन पायी है।

बीजद और कांग्रेस के सदस्यों ने सदन के वेल में तख्तियां लहराते हुए और नारे लगाते हुए बार-बार सदन की कार्यवाही को बाधित किया है। उनके विरोध प्रदर्शनों के कारण प्रश्नकाल, शून्यकाल और स्थगन प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो पाई, जिसके चलते अध्यक्ष को पिछले लगातार सात दिनों से सदन को शाम चार बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा है।

आज भी जब सदन सुबह 10:30 बजे प्रश्नकाल के लिए शुरु हुआ, तो विपक्षी सदस्य नारे लगाते हुए और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए वेल में घुस आए। अध्यक्ष की व्यवस्था बनाए रखने और कार्यवाही चलने देने की अपीलों के बावजूद, विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिसके परिणामस्वरूप सदन को सुबह 10:46 बजे से 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

सदन की कार्यवाही 11:30 बजे दोबारा शुरु होने पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया था। उत्तेजित विपक्षी सदस्य आसन की ओर दौड़ पड़े और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए अपना विरोध जारी रखा।

इस हंगामे के बीच, भाजपा के कुछ सदस्यों ने विपक्ष पर जानबूझकर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया, ताकि किसी भी बहस से बचा जा सके। उन्होंने 'बीजू नवीन इंस्पिरेशन ट्रस्ट' से जुड़े मुद्दे भी उठाए और सदन में मौजूद विपक्ष के नेता नवीन पटनायक को निशाने पर लिया।

भाजपा सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा इस मामले पर चर्चा करने की इच्छा जताए जाने के बावजूद बीजद जानबूझकर कार्यवाही में बाधा डाल रही है। स्थिति उस समय और अधिक अराजक हो गई, जब विपक्ष के कुछ सदस्यों ने आसन की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव ने विरोध कर रहे सदस्यों से अपील की कि वे कार्यवाही में बाधा डालने और सदन का कीमती समय बर्बाद करने के बजाय, चर्चा में हिस्सा लें और अपने विचारों को सदन के रिकॉर्ड पर दर्ज कराएं। जैसे-जैसे गतिरोध जारी रहा, अध्यक्ष ने स्थिति सामान्य करने की कोशिश में एक और सर्वदलीय बैठक बुलाई और सदन को दोपहर 12:20 बजे से शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

इस बीच, बीजद ने मंगलवार को कटक के मंगलाबग पुलिस स्टेशन में स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और एससीबी मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधीक्षक डॉ. गौतम सतपथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी में आग लगने की घटना के संबंध में घोर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप 13 मरीज़ों की मौत हुई, कई अन्य घायल हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा। पार्टी ने इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ़्तारी की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित